बलिया। नरही थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार शाम सराफा कारोबारी से लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। भरौली और उजियार गांव के बीच कुमकुम पट्टी के पास बाइक सवार बदमाशों ने दुकान बंद कर बेटे के साथ घर लौट रहे कारोबारी आशीष वर्मा से आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और भरौली की ओर फरार हो गए।
उजियार गांव निवासी आशीष वर्मा 15 अगस्त की शाम अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि कुमकुम पट्टी के पास बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके पुत्र के पास रखा गहनों से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद कारोबारी ने भरौली पिकेट पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। संयोग से नरही थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह मौके पर मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।










