भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय की अगुवाई में थाना हुआ और मजबूत: 42 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती, अनुशासन व जनसेवा का दिया कड़ा संदेश

भांवरकोल/मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। भांवरकोल थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ी पहल देखने को मिली है। थाना प्रभारी संतोष कुमार राय के नेतृत्व में भांवरकोल थाना अब पहले से ज्यादा मजबूत हो गया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में प्रशिक्षण पूरा कर चुके 42 नवनियुक्त आरक्षियों ने भांवरकोल थाने पर अपनी आमद दर्ज कराई। लगभग 9 से 10 महीने के कठिन प्रशिक्षण और पासिंग आउट परेड के बाद इन जवानों को अब जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।नए पुलिसकर्मियों के थाने पर पहुंचते ही उनका फूल-मालाओं और जलपान के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान पूरे थाना परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने सभी नवागत जवानों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित कर उन्हें पुलिस सेवा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया।बैठक के दौरान थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने सभी जवानों को निर्देश दिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करें। भांवरकोल थाने पर तैनात किए गए इन 42 जवानों में 35 पुरुष कांस्टेबल और 7 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती से महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने कहा कि नए पुलिसकर्मियों की तैनाती से थाना क्षेत्र में गश्त व्यवस्था और निगरानी को और तेज किया जाएगा। इससे अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी तथा आम जनता को सुरक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा।

बैठक के बाद थानाध्यक्ष ने सभी नवागत जवानों के साथ फुट पेट्रोलिंग भी कराई, जिससे उन्हें क्षेत्र के प्रमुख स्थानों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों की जानकारी मिल सके। उन्होंने जवानों को यह भी समझाया कि जनता के साथ बेहतर व्यवहार और संवाद पुलिस की छवि को मजबूत बनाता है।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक दयाशंकर, देवी यादव, अनोज सिंह सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। नए पुलिसकर्मियों के चेहरे पर वर्दी पहनने का गर्व और समाज की सेवा करने का जोश साफ दिखाई दे रहा था।

क्षेत्रीय लोगों ने भी नए पुलिसकर्मियों की तैनाती पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि इससे भांवरकोल क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!